7.81 करोड़ रुपये की लागत से मोरना में बनेगा भवन, शुकतीर्थ के विकास कार्यों को मिलेगी गति

मुजफ्फरनगर(मोरना)। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ के विकास को गति देने के लिए शुकतीर्थ विकास परिषद के स्थायी कार्यालय भवन का निर्माण शुरू होने जा रहा है। शुक्रवार को मोरना में महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज के सामने प्रस्तावित स्थल पर कार्यालय भवन का भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य अतिथियों ने नींव की ईंट रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।श्री शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने कहा कि शुकतीर्थ के विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्पण और सेवा सदैव वंदनीय रहेगी। उन्होंने कहा कि उनके पूज्य गुरुदेव स्वामी कल्याणदेव ने तप, त्याग और पुरुषार्थ से भागवत भूमि का जीर्णोद्धार किया था। प्रदेश सरकार अब उनके संकल्प को मूर्त रूप देने का कार्य कर रही है। परिषद का स्थायी कार्यालय बनने से शुकतीर्थ और मोरना क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ उनकी गुणवत्ता में भी सुधार होगा।भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद चंदन चौहान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, सुप्रिया पाल और अमित राठी मौजूद रहे। श्री शुकदेव संस्कृत विद्यालय के आचार्य जीसी उप्रेती, प्रदीप अधिकारी और विकास ने वैदिक मंत्रोच्चार कराया।एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मोरना-शुकतीर्थ मुख्य मार्ग पर सरकारी भूमि को कार्यालय भवन के लिए चिन्हित किया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से करीब 7.81 करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य 18 माह में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

शुकतीर्थ को भव्य स्वरूप देने का प्रयास जारी रहेगा : चंदन चौहान

सांसद चंदन चौहान ने कहा कि जब वह मीरापुर क्षेत्र से विधायक थे, उसी दौरान प्रदेश सरकार ने शुकतीर्थ विकास परिषद के गठन का महत्वपूर्ण निर्णय लिया था। उन्होंने विधानसभा में भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ को भव्य स्वरूप देने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रयास होगा : कपिलदेव

राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ को गंगा एक्सप्रेसवे और शामली-गोरखपुर मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि परिषद का कार्यालय बनने से विकास कार्यों की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।

प्राचीन तीर्थों का हो रहा कायाकल्प : अनिल कुमार

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के प्राचीन तीर्थस्थलों के विकास को नई गति मिली है। आजादी के बाद पहली बार प्रदेश के प्राचीन तीर्थस्थलों का बड़े स्तर पर कायाकल्प किया जा रहा है।

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे : डॉ. वीरपाल निर्वाल

जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि शुकतीर्थ विकास परिषद के गठन से तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्र में विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को विकास का सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group