मुजफ्फरनगर। बिना वैध पंजीकरण के क्लीनिक संचालित कर मरीजों का उपचार करने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहेड़ी-रोहाना में हुई जांच के बाद दोनों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों में खलबली मची है।स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में बिना पंजीकरण क्लीनिक चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने 27 अगस्त को बहेड़ी-रोहाना गांव में औचक निरीक्षण किया। टीम ने वहां संचालित क्लीनिकों की जांच करते हुए संचालकों से उनकी चिकित्सीय योग्यता और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे।जांच के दौरान मुर्सलिन पुत्र इलियास अली और गुलशनव्वर पुत्र मोहम्मद कासिम अपने-अपने क्लीनिक पर मरीजों का उपचार करते मिले। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दोनों संचालक मरीजों का उपचार करने के लिए आवश्यक वैध चिकित्सीय पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।उप चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डा. महक सिंह की ओर से शहर कोतवाली पुलिस को दोनों मामलों में अलग-अलग तहरीर दी गई। स्वास्थ्य विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 11 सितंबर को दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिना आवश्यक योग्यता और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करना लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group