मुजफ्फरनगर। शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और उनके हमलों की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद ने कदम उठाया है। पचेंडा रोड पर शहर का पहला एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं रेबीज वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किया गया है। यहां आवारा कुत्तों की नसबंदी के साथ उनका रेबीज टीकाकरण भी कराया जाएगा।केंद्र का शुभारंभ रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक बालियान और गौरव स्वरूप की मौजूदगी में किया। केंद्र का संचालन जीव दया फाउंडेशन की ओर से किया जाएगा। विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।अभियान के पहले चरण में शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और जिला अस्पताल समेत अन्य सार्वजनिक स्थान शामिल हैं। इन इलाकों में आवारा कुत्तों को पकड़कर आवश्यक उपचार, नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा।नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने के साथ ही रेबीज के खतरे को कम करना है। नसबंदी के बाद कुत्तों की संख्या पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाने की उम्मीद है।नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि शहर में एक स्थायी एबीसी और शेल्टर सेंटर स्थापित करने की भी योजना है। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। स्थायी केंद्र बनने के बाद आवारा पशुओं की नसबंदी, टीकाकरण और देखभाल का काम और व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा।नगर पालिका की इस पहल से शहरवासियों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बाजार, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों के झुंड से परेशान लोगों के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group