मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनसंख्या गणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और आंकड़ों की शुद्धता व गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने तहसीलदारों और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुपरवाइजर, प्रगणक और अन्य लगाए जाने वाले कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि संभव हो तो कर्मचारियों को उनके कार्यक्षेत्र वाले इलाके में ही गणना की जिम्मेदारी दी जाए। ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता देने को कहा गया, जिन्हें पहले जनगणना कार्य का अनुभव रहा हो। अधिकारियों को अपने स्तर पर भी संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए।बैठक में प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र तय करने से पहले अधिकारी स्वयं वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। केंद्र में बिजली, प्रोजेक्टर, स्विच बोर्ड, शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पर्याप्त होनी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।उन्होंने अधिकारियों से जनगणना-2027 के दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अध्ययन करने को कहा, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से कर्मचारियों को गणना प्रक्रिया, उनके दायित्व, डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने और संभावित समस्याओं के समाधान का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया।,जिलाधिकारी ने कहा कि सुपरवाइजर और प्रगणक जनसंख्या गणना की पूरी प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी होंगे। इसलिए उन्हें अपने क्षेत्र, कार्यप्रणाली और तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी होनी चाहिए। डिजिटल माध्यम से दर्ज होने वाले आंकड़ों की शुद्धता के साथ उनकी गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।तकनीकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इंटरनेट कनेक्टिविटी, उपकरण और तकनीकी सहायता का पहले से परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा, नगरीय निकाय समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एबीएसए, जिला पंचायत राज अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group