मुजफ्फरनगर। गोवंश में लम्पी रोग के प्रसार को रोकने के लिए पशुपालन विभाग ने जिले में निगरानी और टीकाकरण की रफ्तार बढ़ा दी है। अब पशु चिकित्सकों के साथ मोबाइल वेटरनरी यूनिट भी गांवों में पहुंचकर उपचार और टीकाकरण कर रही हैं। विभाग के अनुसार बीते 40 दिनों में 1.23 लाख गोवंश का टीकाकरण कराया जा चुका है।सेवा सघन माह के तहत पशु चिकित्साधिकारियों को दोपहर 12 बजे के बाद गांवों में जाकर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में पशुओं की जांच, बीमारी से प्रभावित पशुओं का उपचार और लम्पी से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है।जिले में चल रही आठ मोबाइल वेटरनरी यूनिट को भी अभियान से जोड़ा गया है। प्रत्येक यूनिट रोजाना दो गांवों में दो पालियों में शिविर लगाएगी। सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और दोपहर दो से शाम पांच बजे तक पशुओं को चिकित्सा व टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी। महिला मोबाइल वेटरनरी यूनिट का 30 सितंबर तक का गांववार कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।सोमवार को इस्लामाबाद, वजीराबाद, छछरौली, कुतुबपुर, अलीपुर खुर्द, मुझेड़ा, नगला कबीर, काकड़ा और जाट नगला समेत कई गांवों में शिविर लगाए गए। इन शिविरों में गोवंशीय पशुओं का उपचार किया गया और लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) व एफएमडी से बचाव के लिए टीके लगाए गए।विभाग ने बताया कि जिले में वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता है। पशुपालक टीकाकरण अथवा बीमार पशु की सूचना के लिए 1962 पर संपर्क कर सकते हैं। नजदीकी पशु चिकित्सालय के माध्यम से भी एलएसडी टीकाकरण की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।