मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में पीनना बाईपास के पास सुरक्षा गार्ड सुभाष सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित बन्टी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में नामजद अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव किनौनी निवासी सुभाष सिंह एक निजी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार सुबह वह साइकिल से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। पीनना बाईपास के निकट पहुंचने पर हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।परिजनों की ओर से घटना के संबंध में पांच लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। इसी क्रम में पुलिस ने 40 वर्षीय बन्टी उर्फ राहुल पुत्र उधल उर्फ उदयवीर निवासी गांव किनौनी को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से पकड़ लिया।पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि गांव के एक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। बताया गया कि दोनों के घर से चले जाने के बाद युवती को बरामद किया गया था और युवक के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।