मुजफ्फरनगर। सफाई कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री भगवत प्रसाद ने अधिकारियों को सफाई कर्मियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी सफाई कर्मचारी की मृत्यु या दुर्घटना होने पर नियमानुसार देय राशि और अन्य लाभों का शीघ्र भुगतान कराया जाए। मृतक कर्मचारी के आश्रित को उसकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए।आयोग अध्यक्ष ने संविदा और आउटसोर्सिंग पर कार्यरत सफाई कर्मियों को निर्धारित बढ़े हुए मानदेय का भुगतान हर महीने की पांच तारीख तक कराने को कहा। कर्मचारियों के भविष्य निधि और कर्मचारी भविष्य निधि से संबंधित कटौती व जमा की व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। जिन ठेकेदारों या कंपनियों पर कर्मचारियों की भविष्य निधि की धनराशि जमा नहीं करने के आरोप हैं, उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।उन्होंने प्रत्येक सफाई कर्मचारी का कर्मचारी राज्य बीमा कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से उपचार की सुविधा मिल सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नगर निकायों में शिविर लगाकर सफाई कर्मचारियों और पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने को कहा गया। 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।भगवत प्रसाद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आयोग से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए नियमानुसार ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं की निगरानी के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में नियमित बैठक कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने आयोग अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित विभागों से अनुपालन कराया जाएगा।इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।