बागपत। सड़क हादसे में पति की मौत और सात वर्षीय बेटे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद शिकोहपुर निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ हादसे से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।शिकोहपुर निवासी पिंकी ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि आठ सितंबर को उसके पति बिलशन अपने सात वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ स्कूटी से सरधना कलां जा रहे थे। दोनों आधार कार्ड बनवाने के लिए घर से निकले थे। आरोप है कि ग्राम क्यौड़ी स्थित शिव मंदिर के कट के पास पीछे से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बिलशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हिमांशु के पैर की हड्डी टूट गई और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका उपचार जारी है। शिकायत के अनुसार, बिलशन का पोस्टमार्टम नौ सितंबर को बागपत के संयुक्त जिला अस्पताल में कराया गया।पिंकी ने आरोप लगाया कि कार चालक की लापरवाही के कारण परिवार को यह दुखद हादसा झेलना पड़ा। उन्होंने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है, ताकि मामले में उचित कार्रवाई हो सके।शिकायतकर्ता ने आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपने नाबालिग बेटे को न्याय दिलाने की अपील की है। समाचार के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group