मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैरकों, भोजनालय, अस्पताल और सुरक्षा इंतजामों की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं की भी जानकारी ली गई।अधिकारियों ने पुरुष और महिला बैरकों का निरीक्षण करने के साथ रसोईघर की व्यवस्था देखी। बंदियों को निर्धारित भोजन सूची के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा जेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुरुष और महिला बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और सामने आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के अगले चरण में कारागार कार्यालय और परिसर के अभिलेखों की जांच की गई। मुलाकाती रजिस्टर का अवलोकन करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए गए जैमर और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी देखी गई। अधिकारियों ने जेल के अस्पताल का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, बाह्य रोगी विभाग और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों के इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल अधीक्षक को शासन के निर्देशों के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। संवेदनशील एवं शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने, जेल में प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अंत में जेल में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के प्रति सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का उचित निर्वहन करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group