सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में विवाह के अगले ही दिन नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा खुलने पर दूल्हे का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन का शव फर्श पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, जनियाजोत गांव निवासी देशराज चौहान और कड़जहवा गांव की अनीता चौहान का विवाह 21 सितंबर को बांसी क्षेत्र स्थित मंदिर में हुआ था। शादी के बाद घर में बहुभोज का आयोजन किया गया, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों ने हिस्सा लिया। देर रात तक कार्यक्रम चलने के बाद नवदंपती अपने कमरे में सोने चले गए।मंगलवार सुबह करीब सात बजे दूल्हे की मौसी उन्हें जगाने पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दोनों के शव देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। दूल्हे के शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस को आशंका है कि रात में किसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हुआ हो सकता है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group