लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में सहकारी व्यवस्था पर आधारित भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत टैक्सी चालकों को पंजीकरण के साथ सेवा से जोड़ने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने कभी टैक्सी चलाने के बारे में नहीं सोचा था, वे भी अब भारत टैक्सी से जुड़कर अपने रोजगार को आगे बढ़ा सकेंगे। योजना के तहत चालकों को पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा गारंटी मिलने की बात कही गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक टैक्सी चालकों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल पाती थी और कई बार उनकी मेहनत का उचित लाभ भी नहीं मिल पाता था। भारत टैक्सी के माध्यम से चालकों को अपने काम से जुड़ने और सेवा में हिस्सेदारी का अवसर मिलेगा। इस व्यवस्था से यात्रियों को भी लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। भारत टैक्सी के अंतर्गत ऑटो रिक्शा, कार और बाइक की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे लोगों को परिवहन के विभिन्न विकल्प मिल सकेंगे।कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चालकों से भारत टैक्सी को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने निजी कंपनियों के पीछे भागने के बजाय अपनी टैक्सी और अपने रोजगार को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने चालकों से अधिक समय तक काम करने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषक समृद्धि योजना का पोर्टल तथा उर्वरक और बीज से संबंधित मोबाइल ऐप भी शुरू किया। किसानों को ऋण का चेक और टैक्सी चालकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने कैब में सवारी भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group