मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर बुधवार शाम बॉबी पेट्रोल पंप के निकट मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान 23 वर्षीय निखिल ने दम तोड़ दिया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में बॉबी पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार निखिल पुत्र प्रदीप, उम्र करीब 23 वर्ष, और शुभम पुत्र गुल्लू पाल, उम्र करीब 30 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया।चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया, लेकिन निखिल की हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।वहीं, दुर्घटना में घायल शुभम का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।