मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद में विवाहिता प्राची तायल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बुधवार रात मुजफ्फरनगर में मायके वालों ने हंगामा किया। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर नई मंडी स्थित उसकी ससुराल पहुंचे। घर पर ताला लगा मिलने पर उन्होंने शव बाहर रख दिया और धरने पर बैठ गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।प्राची की शादी 23 नवंबर 2025 को हार्दिक तायल से हुई थी। हार्दिक गाजियाबाद की एक कंपनी में इंजीनियर है। शादी के बाद दोनों गाजियाबाद में रह रहे थे। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही प्राची को परेशान किया जाने लगा था। छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में विवाद होता था। बाद में उसे शारीरिक और मानसिक रूप से भी परेशान किया गया। प्राची के चाचा अनिल तायल ने भी ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।परिजनों के मुताबिक, उन्हें फोन पर प्राची की मौत की सूचना दी गई थी। बताया गया कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलने पर परिवार के लोग गाजियाबाद पहुंचे। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मायके वालों का आरोप है कि अस्पताल और पोस्टमार्टम गृह पर ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे। बुधवार रात जब वे नई मंडी स्थित ससुराल पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला। इससे नाराज परिजनों ने शव घर के बाहर रख दिया और विरोध जताने लगे। उन्होंने मांग की कि प्राची की मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।हंगामे की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। परिजन मामले की गहराई से जांच कराने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group