मुजफ्फरनगर। बेलड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय में करीब दो सप्ताह पहले हुई चोरी की घटना का भोपा पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपितों के कब्जे से गैस सिलेंडर, अग्निशमन सिलेंडर, बाल्टी और एक मोटरसाइकिल मिली है।पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात बेलड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने निशाना बनाया था। विद्यालय से सामान चोरी होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना से जुड़े संदिग्ध युवक निरगाजनी झाल से तुगलपुर-कम्हेड़ा की ओर गंगनहर के रास्ते जा रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान नितिन उर्फ सोनू और विनय निवासीगण भोकरहेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने उनके पास से विद्यालय से चोरी किया गया एक गैस सिलेंडर, एक अग्निशमन सिलेंडर और एक अग्निशमन बाल्टी बरामद की। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है, जिसका पंजीकरण नंबर यूपी-19 ए-5001 बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भोपा थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान को मामले में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है और दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, मुख्य आरक्षी सुशील कुमार, मुख्य आरक्षी विनय कुमार, मुख्य आरक्षी आदित्य चौधरी और आरक्षी रितिक शामिल रहे।