मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 26। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से सात ग्राम स्मैक और नशीले पदार्थ की तौल में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रिक कांटा बरामद हुआ है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार कच्ची सड़क चौकी प्रभारी मोहित कुमार टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पहले एक युवक संदिग्ध हालत में जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से स्मैक और इलेक्ट्रिक कांटा मिला।पूछताछ में युवक की पहचान शौकीन पुत्र मुन्ना मिस्वी, निवासी महमूद नगर, सिविल लाइन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने स्मैक बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद भी नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए नशीला पदार्थ बेचता था। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों को स्मैक की बिक्री करता था। पुलिस ने बरामद माल कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी मोहित कुमार, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल ललित कुमार और प्रमोद कुमार शामिल रहे।