मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 26। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन भी गाया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि देते हुए जनपदवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी ने अपने जीवन से सत्य, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के जो आदर्श प्रस्तुत किए, उन्हें व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति वास्तविक सम्मान होगा।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को विशेष स्थान प्राप्त था। वर्तमान समय में भी उनका अहिंसा और संयम का संदेश प्रासंगिक है। अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं को समझते हुए नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।जिलाधिकारी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उदाहरण पेश किया। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं। यही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देशवासियों को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनका स्वच्छता और अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से करते हुए गांधी जी के सिद्धांतों को आचरण में उतारना चाहिए।अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती उनके विचारों पर आत्ममंथन करने का अवसर है। शास्त्री जी का जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल रहा है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, कलेक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी, नाजिर समेत विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group