बागपत। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में किए गए व्यापक फेरबदल के तहत बागपत के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी पूर्णेन्दु सिंह को सौंपी गई है। इससे पहले वह पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में स्टाफ अधिकारी के पद पर तैनात थे। शासन के आदेश के बाद अब उन्हें बागपत की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है।पूर्णेन्दु सिंह के सामने जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने की चुनौती होगी। वहीं, बागपत के मौजूदा पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। प्रदेश में हुए इस फेरबदल के तहत कुल 20 आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।