बुढ़ाना। प्राथमिक विद्यालय दुर्गनपुर में मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान कक्षा पांच की छात्रा अंशिका को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया। विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में छात्राओं ने चित्रकला और नारे लेखन के माध्यम से महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े संदेश दिए। शिक्षकों ने छात्राओं को विभिन्न सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर अपनी बात खुलकर रखें और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता लें।मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। एक दिन की प्रधानाचार्य बनीं अंशिका को विद्यालय की जिम्मेदारियों को समझने और नेतृत्व करने का अवसर मिला।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण सिंह कुशवाहा, शिक्षिका कोमल शर्मा सहित समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में सहयोग किया।