मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का वीडियो सामने आया है। वीडियो में महिला अपने पति के गले में चुन्नी डालकर खींचती दिखाई दे रही है। इस दौरान पति खुद को बचाने के लिए गुहार लगाता नजर आता है। आरोप है कि महिला ने पति के साथ मारपीट भी की। मौके पर पहुंचे पिता ने बीच-बचाव कर बेटे को बचाया। घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार, मांगेराम और उनकी पत्नी के बीच पांच अक्टूबर को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पेड़ बेचने से मिले रुपयों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। इसी दौरान महिला पर पति के गले में चुन्नी डालकर खींचने का आरोप है। घटना के समय उनकी बेटी भी मौके पर मौजूद थी।वीडियो में मांगेराम खुद को बचाने की कोशिश करते और मदद के लिए आवाज लगाते दिखाई दे रहे हैं। उनकी आवाज सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। मारपीट में घायल मांगेराम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्रा के अनुसार, घटना पांच अक्टूबर की है। घटना के बाद दंपती की काउंसलिंग भी कराई गई थी। पुलिस विवाद की वजह और वीडियो में दिखाई दे रही घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group