बागपत। कहते हैं कि मेहनत और लगन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। बागपत के सारंग प्रजापति ने इसे सच कर दिखाया है। सिलाई का काम करके परिवार चलाने वाले पिता के बेटे सारंग ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में 300 में से 276 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। बेटे की इस कामयाबी से परिवार में खुशी की लहर है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और परिवार को विभिन्न स्थानों पर सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।सारंग की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और परिवार का संघर्ष छिपा है। उनके पिता लोकेन्द्र प्रजापति सिलाई का काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। पिता मेहनत करके परिवार की जिम्मेदारियां निभाते रहे और बेटे ने पढ़ाई के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई। सारंग ने परीक्षा की तैयारी के दौरान रोजाना करीब 12 घंटे पढ़ाई की। खास बात यह रही कि पढ़ाई के साथ वह पिता के काम में भी सहयोग करते थे।सारंग ने हाईस्कूल में 81.5 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 78 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने यूपी पुलिस में भर्ती होने का लक्ष्य तय किया और तैयारी में जुट गए। दिल्ली के एक संस्थान से ऑनलाइन कोचिंग लेकर उन्होंने परीक्षा की तैयारी की। परिणाम घोषित होने के बाद कोचिंग संस्थान से फोन आया और परिवार को सारंग के प्रदेश में प्रथम आने की जानकारी मिली। यह खबर सुनते ही घर में खुशी का माहौल बन गया।सारंग की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके परिवार में पहले से ही दो बेटियां पुलिस और सुरक्षा सेवा में अपना योगदान दे रही हैं। उनकी बड़ी बहन आशा का चयन वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ था। वह उन्नाव में तैनात हैं। छोटी बहन आभा का चयन जनवरी 2025 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) में हुआ था और वह केरल में सेवाएं दे रही हैं।अब सारंग ने भी अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर परिवार का गौरव बढ़ाया है। पिता की मेहनत, मां के सहयोग और अपनी लगन से उन्होंने यह साबित किया कि सफलता पाने के लिए परिस्थितियां नहीं, बल्कि मजबूत इरादे जरूरी होते हैं। सारंग की उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group