मुजफ्फरनगर। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक गंगा स्नान मेले को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। 21 से 25 नवंबर तक चलने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व पर भीड़ नियंत्रण से लेकर घाटों की सुरक्षा तक के इंतजाम किए जाएंगे।शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल और अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर मौके पर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने संबंधित विभागों को अधूरे कार्य जल्द पूरे करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।मेले में पुलिस की विशेष तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाएगा। बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। बांध मार्ग पर सरकारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गंगा में गहरे पानी तक जाने वाले श्रद्धालुओं को रोकने के लिए भी सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। मेला क्षेत्र में शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।घाटों की मरम्मत, सड़कों के गड्ढे भरने, पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग ठीक कराने और रास्तों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ लटकते तारों को ठीक कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के उपचार के लिए अस्थायी चिकित्सा केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सक और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और कीटनाशक का छिड़काव भी कराया जाएगा।इसके अलावा हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत, धूल से बचाव के लिए पानी का छिड़काव और पशुओं के उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी। कृषि विभाग मेले में प्रदर्शनी लगाएगा। जिला पंचायत को मेले की समग्र व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम जानसठ रश्मि लव, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।