मुजफ्फरनगर। नदियों को प्रदूषण से बचाने और गंगा के प्रति नई पीढ़ी को जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से पीआर पब्लिक स्कूल में बुधवार को गंगा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मैराथन दौड़ लगाकर, रंगोली सजाकर और प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लेकर नदी संरक्षण का संदेश दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत जिला गंगा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गंगा के धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यावरण और जनजीवन में उसकी उपयोगिता से परिचित कराया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन और सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता गतिविधियों के साथ हुई। गंगा मैराथन में विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वच्छ नदी का संदेश दिया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के विचार प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता में गंगा से संबंधित सवालों के जवाब देकर विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी का परिचय दिया।जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार ने विद्यार्थियों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जिला गंगा समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने भी गंगा के ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला।आयोजन के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को गंगा की स्वच्छता, संरक्षण तथा अविरलता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इसमें स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल, प्रधानाचार्य अनघ सिंघल और विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group