बहराइच। दादा मियां उर्स मेले में चल रहे जलपरी शो के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। करीब 20 हजार लीटर पानी से भरे टैंक का शीशा टूटने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी के तेज बहाव और कांच के टुकड़ों की चपेट में आने से चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है।हादसा फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में सोमवार देर रात हुआ। मेले में जलपरी शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दर्शक टैंक के बाहर लगे पारदर्शी शीशे से शो देख रहे थे। इसी दौरान अचानक शीशा टूट गया और टैंक में भरा पानी तेजी से बाहर निकलने लगा। कांच के टुकड़े दर्शकों की ओर जा गिरे। इससे वहां मौजूद बच्चों और अन्य लोगों को चोटें आईं।घायल बच्चों की पहचान अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) के रूप में हुई है। सभी खालिदपुर गांव के रहने वाले हैं। हादसे में शो में जलपरी की भूमिका निभा रही युवती भी घायल हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शो देखने के लिए 50 रुपये का टिकट लिया गया था। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आरोप है कि घटना के बाद आयोजक और केयरटेकर मौके से चले गए।एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। बाद की पुलिस कार्रवाई में आयोजक समेत चार लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है।