बागपत। बागपत चीनी मिल में बुधवार को नए पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह ने मिल का उद्घाटन कर पेराई कार्य शुरू कराया। नए सत्र से क्षेत्र के करीब 50 हजार गन्ना किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस दौरान मिल परिसर में एथेनॉल प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।कार्यक्रम में बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, भाजपा विधायक योगेश धामा, राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक सहित भाजपा और रालोद के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शुभारंभ के बाद कैबिनेट मंत्री ने मिल अधिकारियों को किसानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ना आपूर्ति और पर्चियों से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके लिए मिल प्रबंधन को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखनी चाहिए।मंत्री ने कहा कि मिल परिसर में जल्द ही एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे गन्ने के उपयोग के नए अवसर पैदा होंगे और मिल की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने गन्ने के दाम में लगातार बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है और आगे भी उनके कल्याण के प्रयास जारी रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने राजनीतिक मुद्दों पर भी विपक्ष को निशाने पर लिया। सपा नेता एसटी हसन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने भगवान राम को लेकर टिप्पणी की। वहीं अखिलेश यादव के साथ मुख्यमंत्री बनने की दावेदारी करने वाले नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बनने की बातें करने वालों पर भी कटाक्ष किया।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर मजबूत सरकार बनेगी और भाजपा गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही हैं। चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत को उन्होंने किसानों और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।,