मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों से लेकर नालियों और सफाई व्यवस्था तक में सुधार की उम्मीद जगी है। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में करीब 75 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से जुड़े 111 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में शहर के कई चौराहों के नामकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों पर चर्चा की गई। इनमें सड़क निर्माण, नालों की मरम्मत, मार्ग प्रकाश और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं। पालिका प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों से शहर के अलग-अलग इलाकों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।बैठक में बहलना चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही वाल्मीकि चौक के नामकरण से जुड़ा प्रस्ताव भी पास हुआ। बैठक के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने पालिका अध्यक्ष का सम्मान किया।विकास कार्यों को लेकर सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और सुझाव भी रखे। कुछ प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान सदस्यों के बीच बहस हुई, लेकिन पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने सभी की बात सुनकर बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई।अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावों में सड़क निर्माण और नालों के विकास के साथ प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई को प्राथमिकता दी गई है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।