मुजफ्फरनगर। मीरापुर के श्री सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी जानसठ रश्मि लाम्बा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगोली और स्लोगन प्रतियोगिता के जरिए मतदान का महत्व समझाया।प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भी भरवाए गए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।एसडीएम रश्मि लाम्बा ने लोगों से अपील की कि वे मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है। लोगों को मतदान के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।