बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक से घर लौट रहे पति-पत्नी को बागड़पुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।मृतकों की पहचान अमरोहा जिले के बछरायूं निवासी इरशाद और उनकी पत्नी अंजुम के रूप में हुई है। दोनों बिजनौर में एक बीमार रिश्तेदार को देखने आए थे। शुक्रवार को बाइक से अपने गांव वापस लौटते समय चांदपुर-धनौरा मार्ग पर उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंजुम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इरशाद मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। उनके चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। माता-पिता की मौत के बाद बच्चों के सामने पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।चांदपुर थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि हादसे के बाद फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है।