मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गांव के ही पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है। उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, 66 हजार 300 रुपये नकद और दो तमंचे बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गांव में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाया था। पहली वारदात 15 अक्टूबर को राधेश्याम के घर में हुई थी। चोर दीवार तोड़कर मकान में घुसे और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद नौ नवंबर को गांव के ही सनीश के बंद मकान में चोरी की गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर तीन टीमों को लगाया गया। 12 और 13 नवंबर की रात पुलिस जड़ौदा से बेरी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पांचों युवकों को पकड़ लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के पास से छह जोड़ी पाजेब, मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठियां, कुंडल, बाली, चांदी के कड़े और अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा 66 हजार 300 रुपये नकद, .315 बोर के दो तमंचे और चार कारतूस भी मिले हैं।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर आसपास के गांवों में हुई चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group