बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शनिवार शाम सरेराह एक युवक के साथ हुई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में कार से उतरे एक व्यक्ति को आधा दर्जन लोगों ने घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद जमीन पर पड़े युवक को भी नहीं बख्शा और लगातार लाठियां बरसाते रहे।घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि सड़क किनारे एक कार खड़ी है। इसी दौरान कुछ लोग एक व्यक्ति को घेरकर उस पर हमला करते हैं। सिर पर चोट लगने के बाद युवक नीचे गिर जाता है। इसके बावजूद हमलावर उस पर करीब 20 बार डंडों से वार करते हैं। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के इलाके में हलचल मच गई।हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने तत्काल युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। लोगों की भीड़ जुटने लगी तो हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। क्राइम इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार के मुताबिक, अभी पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं मिली है। फुटेज के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है। शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।