शामली। बाबरी क्षेत्र के गांव भन्दौड़ा में एक युवक की अचानक मौत के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ गांव में बढ़ते नशे के चलन को लेकर चिंता गहरा गई है। सोमवार सुबह घर में चारपाई पर युवक का शव मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का फैसला किया।गांव निवासी शिवम उर्फ निक्की पुत्र इंद्रपाल शर्मा रविवार रात घर लौटने के बाद अपनी चारपाई पर सो गया था। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो वह मृत अवस्था में मिला। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। समाचार के अनुसार, शिवम को नशे की लत थी। हालांकि उसकी मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में शराब व अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नशे की गिरफ्त में आकर युवा अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। ग्रामीणों ने अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। साथ ही नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पंचायत और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है।ग्रामीणों ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, रोजगार के अवसर और जागरूकता कार्यक्रम शुरू करने पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि केवल कार्रवाई से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि गांव के लोगों को भी इस मुहिम में आगे आना होगा।आगामी ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रत्याशी को चुनने की अपील की है जो खुद नशे से दूर रहे और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए ईमानदारी से प्रयास करे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि गांव की नई पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से है।