मुजफ्फरनगर। शादी के बाद रिश्तों में बेहतर तालमेल, आपसी समझ और पारिवारिक सामंजस्य बना रहे, इसके लिए अब युवाओं को विवाह से पहले ही संवाद और भावनात्मक समझ की सीख मिलेगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल पर मुजफ्फरनगर में प्री-मैरिटल काउंसलिंग एवं कम्युनिकेशन सेंटर ‘तेरे मेरे सपने’ की शुरुआत की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य विवाह की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को नए जीवन की जिम्मेदारियों के प्रति मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करना है।सोमवार को सखी वन स्टॉप सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर केंद्र का शुभारंभ किया। यह पहल राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से जिलाधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में शुरू की गई है।वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला ने बताया कि यहां विवाह की योजना बना रहे युवक-युवतियों को शादी से पहले अपने भविष्य और वैवाहिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इसमें करियर, आर्थिक प्रबंधन, व्यक्तिगत मूल्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों जैसे विषय शामिल होंगे। इसका उद्देश्य शादी से पहले दोनों पक्षों के बीच बेहतर समझ विकसित करना है।बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि विवाह पूर्व संवाद केंद्र की स्थापना से युवाओं को रिश्तों की बारीकियां समझने और एक-दूसरे की अपेक्षाओं को जानने में मदद मिलेगी। आपसी संवाद और भावनात्मक समझ मजबूत होने से वैवाहिक जीवन की शुरुआत अधिक सकारात्मक तरीके से हो सकेगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी प्रीति चाहल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, जिला बाल संरक्षण इकाई के शिवम कुमार, हब फॉर वूमेन इम्पावरमेंट के जेंडर स्पेशलिस्ट सचिन जैन, जिला अस्पताल के चिकित्सक तथा वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group