18 जनवरी को बनियानी गांव स्थित घर पर दबिश के दौरान पुलिस को नहीं मिला था आरोपी, करीब दस महीने बाद गिरफ्तारी से खुलेंगी कई कड़ियां

मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के बनियानी गांव निवासी उजैद कुरैशी को मेरठ में गिरफ्तार किए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उससे जुड़े कथित नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। उजैद पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और आतंकी गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास का आरोप है। एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया संपर्कों और व्हाट्सएप चैट के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।बताया गया कि 18 जनवरी 2026 को यूपी एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने उजैद की तलाश में बनियानी गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी की थी। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था। टीम ने घर के बाहर नोटिस चस्पा किया और वापस लौट गई। कुछ देर बाद उजैद स्कूटी से घर पहुंचा, लेकिन नोटिस देखकर वहां से फरार हो गया। इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।जांच एजेंसियों को संदेह था कि उजैद एक ऐसे व्हाट्सएप समूह से जुड़ा हुआ था, जिसमें भारतीय सेना पर फिदायीन हमले की साजिश से संबंधित गतिविधियां चल रही थीं। आरोप है कि वह युवाओं को बरगलाकर आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसके अलकायदा से जुड़े स्लीपर सेल के संपर्क में होने की आशंका भी जताई गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।इस मामले में उजैद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके दो भाइयों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।जांच में जम्मू-कश्मीर निवासी मोहम्मद साजिद का नाम भी सामने आया। उसे 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियों को उसके ऑनलाइन संपर्कों और मोबाइल फोन की पड़ताल के दौरान उजैद के साथ संबंधों की जानकारी मिली थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर बातचीत होने की बात सामने आई।खबर के मुताबिक, उजैद की गिरफ्तारी सोमवार 23 नवंबर को मेरठ में उसकी दादी के घर से की गई। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संभावित संपर्कों समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नेटवर्क में उजैद की क्या भूमिका थी और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group