मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए छपार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाश पास के खेतों में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने संयम के साथ घेराबंदी करते हुए दोनों को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्तखाब निवासी भैंसरहेड़ी (छपार) और साहिल सलमानी निवासी मिमलाना रोड (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी से जुड़े हुए थे और बाहर से माल मंगाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए तस्करों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
