मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक कर्मचारी ने अपने ही मालिक पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्य समाज रोड स्थित दुकान संचालक हरिओम और उसके कर्मचारी कुलदीप कश्यप के बीच पिछले कुछ समय से रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब ₹12,600 के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक उग्र झगड़े में बदल गई।
इसी दौरान गुस्से में आए आरोपी कुलदीप कश्यप ने पास में पड़े हथौड़े से हरिओम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कुलदीप कश्यप को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
