बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय अनोखे घटनाक्रम में बदल गया, जब बारात की तैयारियों के बीच दूल्हा बने दरोगा की शादी ऐन मौके पर टूट गई और उसी मंडप में दुल्हन ने अपने प्रेमी संग सात फेरे लेकर नया रिश्ता कायम कर लिया। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा और चटखारे का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग में कार्यरत दरोगा जॉन मेजर की शादी 20 अप्रैल को तय थी। वह वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं। उनके पैतृक निवास पर शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों की आमद हो चुकी थी और घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच खुशी का माहौल था।
इसी दौरान शादी से कुछ घंटे पहले एक युवक अचानक दूल्हे के घर पहुंचा और खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए सनसनी फैला दी। युवक, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर बताया जा रहा है, ने दावा किया कि उसका युवती के साथ करीब पांच वर्षों से संबंध है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शादी आगे बढ़ाई गई तो वह इस रिश्ते को सार्वजनिक कर देगा।
इस अप्रत्याशित खुलासे ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। दूल्हे पक्ष के लोग सकते में आ गए और आनन-फानन में परिवार ने शादी को रोकने का निर्णय ले लिया। मामला जब युवती के परिजनों तक पहुंचा, तो दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और अंततः सच्चाई को स्वीकार करते हुए आगे का रास्ता तय किया गया।
कुछ ही घंटों में विवाह समारोह ने नया रूप ले लिया। युवती ने अपने पुराने संबंध को स्वीकार करते हुए उसी युवक के साथ विवाह करने का निर्णय लिया। देर रात, पहले से सजे मंडप में ही दोनों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर शादी संपन्न कर ली।
दूल्हे के पिता ने बताया कि समय रहते स्थिति स्पष्ट हो जाना उनके परिवार के लिए राहत की बात रही। उन्होंने कहा कि अगर यह बात बाद में सामने आती तो बेटे का भविष्य प्रभावित हो सकता था। उन्होंने पुलिस को सूचना देने की पुष्टि की, हालांकि आपसी सहमति से मामला सुलझ जाने के कारण किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group