मुजफ्फरनगर। जनपद में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और पीड़िताओं को तत्काल राहत दिलाने के उद्देश्य से 24 अप्रैल 2026 को विकास भवन सभागार में विशेष महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय राहतकर, अध्यक्ष महिला आयोग द्वारा की जाएगी, जो स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करेंगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि “राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार–महिला जनसुनवाई” कार्यक्रम प्रातः 09:30 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यह जनसुनवाई विशेष रूप से उन महिलाओं और बालिकाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो किसी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अन्य समस्याओं का सामना कर रही हैं और अब तक अपनी बात उचित मंच तक नहीं पहुंचा पाई हैं। आयोग की इस पहल के तहत पीड़िताओं को उनके ही जिले में सीधे उच्चस्तरीय मंच पर अपनी समस्या रखने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन ने अपील की है कि सभी पीड़ित महिलाएं एवं बालिकाएं अपने प्रार्थना पत्र के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर विकास भवन सभागार, मुजफ्फरनगर में उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। यह पहल न केवल न्याय प्रक्रिया को सरल बनाएगी, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सशक्त कदम साबित होगी।
