शामली। शामली जनपद के गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार से गुजर रही एक युवती को एक युवक ने अचानक पीछे से पकड़ लिया और जबरन उसे खींचते हुए पास की गली में ले गया। बीच बाजार हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सन्न रह गए, लेकिन आरोपी की दबंगई के आगे कोई तत्काल विरोध नहीं कर सका।
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी ने युवती को गली में ले जाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने युवती का हाथ मरोड़ा, उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और लगातार गाली-गलौज करता रहा। युवती जब दर्द से कराहते हुए जमीन पर बैठ गई, तब भी आरोपी नहीं रुका और जाते-जाते उसने उसके पेट में जोरदार लात मार दी, जिससे युवती वहीं गिरकर तड़पने लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात दो दिन पहले की है, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सरेआम हुई इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और महिलाओं में भय का माहौल बना दिया है।
मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस हरकत में आई है। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group