मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और लू के तीव्र असर को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने जनहित में विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हीट वेव के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि गर्मी के इस दौर में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है। लोगों को सलाह दी गई है कि प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। इसके साथ ही घरेलू पेय पदार्थ जैसे लस्सी, छाछ, नींबू पानी और चावल का माड़ का सेवन करने पर जोर दिया गया है। वहीं चाय, कॉफी और अधिक शर्करा युक्त ठंडे पेयों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी को बढ़ा सकते हैं।
बाहर निकलने वालों के लिए विशेष सावधानियां निर्धारित की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखने और शरीर के खुले हिस्सों को धूप से बचाने की सलाह दी है। साथ ही समय-समय पर गीले कपड़े से शरीर को ठंडा रखने के उपाय अपनाने को कहा गया है।
एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि यदि कोई व्यक्ति लू की चपेट में आ जाए तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर ठंडा किया जाए। शरीर पर गीला कपड़ा रखा जाए या पानी से नहलाया जाए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता ली जाए। लू के सामान्य लक्षण जैसे चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी को नजरअंदाज न करने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सख्त सलाह दी गई है।
इसके अलावा घरों को ठंडा बनाए रखने के लिए दिन के समय खिड़कियों और पर्दों का उपयोग करने तथा रात में वेंटिलेशन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बार-बार स्नान करने और गीले कपड़ों का प्रयोग करने से भी राहत मिल सकती है। कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए छायादार स्थान, पर्याप्त पेयजल और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ा जाए, क्योंकि इससे जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो सकती है। लोगों को भारी और गहरे रंग के कपड़ों से बचने तथा बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
