मुजफ्फरनगर। मोरना में संतोष चेरिटेबल ट्रस्ट भारतवर्ष द्वारा प्रतिभा और संघर्ष की अद्भुत मिसाल बनी छात्रा राखी छिरोलिया को सम्मानित किया गया। गंगा पब्लिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मोरना की पूर्व छात्रा राखी ने माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल परीक्षा में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि उन्होंने गणित विषय में 94 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष बिजेंद्र उपाध्याय एवं सचिव श्रीमती संतोष उपाध्याय ने राखी को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृपाल सिंह राठी ने बताया कि राखी ने कक्षा 8 तक की पढ़ाई उनके विद्यालय से की थी और शुरू से ही वह मेहनती व होनहार छात्रा रही हैं।
राखी की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने जीवन की कठिन परिस्थितियों को मात देकर यह मुकाम हासिल किया है। कोरोना काल में उनके पिता स्वर्गीय बिलेंद्र छिरोलिया का निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी माता ने मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण किया। तमाम चुनौतियों के बावजूद राखी ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और शानदार परिणाम हासिल किया।
विद्यालय परिवार व क्षेत्र के लोगों ने राखी को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। राखी छिरोलिया ने अपनी इस उपलब्धि से यह साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के आगे हर मुश्किल छोटी पड़ जाती है।
सम्मानित करने में विद्यालय के सहायक अध्यापक अध्यापिका नावेद आलम, विनीत कुमार , योगेश कुमार, अभिषेक उपाध्याय, शगुन राठी, काजल रानी, ओर शांति कुँज के डॉ ओमपाल सिंह चौहान उपस्थित रहे।
