जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी स्कूल के अंदर चौकीदार का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल दौड़ गई और मौके पर पहुंची टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों व डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण शुरू कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहाना रोड स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल में करीब चार वर्षों से कार्यरत 50 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू की अज्ञात हमलावरों ने देर रात धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई, जब वह विद्यालय परिसर में रात्रि ड्यूटी निभा रहा था।
शनिवार सुबह जब स्कूल का स्टाफ परिसर में पहुंचा तो चौकीदार को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू की और साक्ष्य एकत्रित किए।
मृतक के परिजनों ने बताया कि राजकुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह नियमित रूप से शाम को ड्यूटी पर जाता था तथा सुबह लौटता था। परिजनों ने संदेह जताया कि घटना के दौरान स्कूल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जो बाद में दोबारा चालू पाए गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की गहन पड़ताल की मांग की है।
मृतक के भाई के अनुसार, सुबह घटना की सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा, जहां राजकुमार का शव पड़ा मिला। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को स्थानीय स्तर पर सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान राजकुमार उर्फ राजू के रूप में हुई, जो लंबे समय से स्कूल की सुरक्षा देख रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से हमलावरों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group