मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पांच लोगों की जान ले ली। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।
क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के अनुसार, देर रात पुलिस को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। वाहन को काटकर शवों को बाहर निकालने में करीब ढाई घंटे का समय लगा, लेकिन तब तक सभी पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक गोरखपुर जिले के निवासी थे, जो अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में झारखंड के रांची गए थे और वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात के समय चालक को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है और मामले की विधिक कार्रवाई जारी है।
