मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र में खेत में पानी लगाने को लेकर उठा विवाद गांव मोहिद्दीनपुर में उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब एक किसान पर कथित तौर पर ग्राम प्रधान पक्ष ने हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी खुर्शीद पुत्र नूर अहमद ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और उनके परिजन लंबे समय से चुनावी रंजिश के चलते उसके परिवार से द्वेष रखते हैं। इसी रंजिश के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। पीड़ित का यह भी कहना है कि गांव के तालाबों से अवैध रूप से कुलाबे जोड़कर पानी बेचा जा रहा है, जिसका विरोध करना उसे भारी पड़ गया।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। खुर्शीद अपने खेत में सरकारी व्यवस्था के तहत सिंचाई कर रहा था, तभी प्रधान पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने किसान से उसका औजार छीन लिया और उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की।
खुर्शीद किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाई। उसने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उसे और उसके परिवार को लगातार खतरा बना हुआ है।
उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत मिल चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group