बुलंदशहर/खुर्जा। जनपद के खुर्जा नगर में शनिवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में तब्दील हो गई, जहां मामूली विवाद ने तिहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। आरजेएस (RJS) फिटनेस जिम में आयोजित जन्मदिन समारोह के दौरान चेहरे पर केक लगाने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई मनीष सैनी (30), भतीजे आकाश सैनी (19) और चचेरे भाई अमरदीप सैनी (32) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष रहे जीतू सैनी ने अपने जन्मदिन के मौके पर जिम में पार्टी आयोजित की थी, जिसमें उसके परिचित और स्थानीय लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान पार्टी के माहौल में हंसी-मजाक के बीच भाजपा सभासद के चचेरे भाई ने जीतू सैनी के चेहरे पर केक लगा दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर जीतू सैनी आपा खो बैठा और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर जीतू सैनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिम के अंदर ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग में तीनों युवकों को गंभीर गोली लगी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़कर ले गए, जिससे घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें।
सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और डीआईजी कलानिधि नैथानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि जिम के भीतर हुए विवाद के बाद फायरिंग की पुष्टि हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
