मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर निरगाजनी झाल के समीप बुधवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे कचरा बीन रहे बुजुर्ग को तेज गति से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बाइक समेत मौके से निकल गया।रहमतपुर गांव निवासी धर्मपाल सिंह (60) गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर निरगाजनी झाल के पास कचरा बीन रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।हादसा देखकर राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल को भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।परिजनों को हादसे की जानकारी मिलने पर वे अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे में शामिल बाइक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।