हापुड़। जनपद में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली देहात क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को कथित तौर पर वश में करने के लिए तांत्रिक के कहने पर श्मशान घाट से जलती चिता की खोपड़ी और हड्डियां निकाल लीं। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसके साथी और एक तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सोटावाली निवासी 16 वर्षीय छात्र शुभांशु की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया और वापस घर लौट गए। आरोप है कि देर रात युवक अमान अपने एक साथी और तांत्रिक अवधेश शर्मा के साथ बाइक से घाट पर पहुंचा और जलती चिता से खोपड़ी व हड्डियां निकालकर फरार हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया और शोर मचाया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। जांच के दौरान श्मशान घाट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीनों आरोपी बाइक पर जाते दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी अमान ने पुलिस को बताया कि वह अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को पूरी तरह अपने प्रभाव में लाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कथित तांत्रिक अवधेश शर्मा से हुई। आरोपी के अनुसार, तांत्रिक ने उसे भरोसा दिलाया था कि यदि वह जलती चिता से मानव खोपड़ी लेकर आएगा तो विशेष तांत्रिक क्रिया के जरिए प्रेमिका का पूरा परिवार उसके नियंत्रण में आ जाएगा। इसी झांसे में आकर उसने यह घिनौना कदम उठाया।पुलिस ने तांत्रिक के ठिकाने पर छापा मारकर तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री भी बरामद की है। इसके अलावा वहां से बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों की तस्वीरें मिलने के बाद पुलिस जांच और गहरा गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इन तस्वीरों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता था और क्या पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष है और अंधविश्वास के नाम पर हो रही ऐसी गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group