शामली। ऊन थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुरा में मंगलवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब खेतों के बीच स्थित एक कुएं में युवक का जला हुआ शव मिलने की सूचना सामने आई। शव की पहचान गांव निवासी 20 वर्षीय गोविंद के रूप में हुई है, जो आईटीआई का छात्र था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।परिजनों के मुताबिक गोविंद सोमवार रात घर से कुछ दूरी पर बने पशुओं के घेर में सोने के लिए गया था। सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो वह अपनी चारपाई पर नहीं मिला। मौके पर उसका मोबाइल फोन और मच्छरदानी रखी हुई थी, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।इसी बीच सुबह खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने गांव के बाहर एक कुएं में जला हुआ शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। शव की हालत बेहद खराब थी और उस पर कोई कपड़ा नहीं था। बाद में परिजनों ने शारीरिक बनावट और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त गोविंद के रूप में की।घटना की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ कैराना, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने रस्सियों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद पहचान मिटाने की नीयत से शव को जलाया गया और बाद में कुएं में फेंक दिया गया।मृतक गोविंद इस्सोपुर स्थित कॉलेज में आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने घटना का जल्द खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें जांच में लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group