मुजफ्फरनगर, 21 जनवरी 2026।
उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को जनपद मुजफ्फरनगर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल शाम 6 बजे आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होगी, जिसमें प्रशासन के लगभग सभी प्रमुख विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने की। उन्होंने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति, विशेषकर हवाई हमले, आग, भूकंप या बड़े हादसों के समय त्वरित और समन्वित कार्रवाई का प्रशिक्षण देना है।
बैठक में नगर पालिका, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मॉक ड्रिल के दौरान ब्लैकआउट, रेस्क्यू, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन और चिकित्सा सहायता की व्यवस्थाएं वास्तविक स्थिति के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) पर आपदा मित्रों एवं सिविल डिफेन्स वॉलंटियर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को आपात स्थिति में संयम, सतर्कता और टीमवर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। हवाई हमले जैसी स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने, कांच व खिड़कियों से दूरी रखने, अफवाहों से बचने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन, स्ट्रेचर के उपयोग और प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। प्रशासन ने अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान आमजन घबराएं नहीं, इसे केवल एक अभ्यास के रूप में लें और प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group