शामली (उत्तर प्रदेश)। जिले में जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर और संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लोगों को सस्ते प्लॉट और प्राइम लोकेशन की जमीन दिलाने का लालच देकर ठग रहा था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में करीब 30 सदस्य सक्रिय हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा उत्तराखंड के रुड़की निवासी आदित्य कुमार की शिकायत से हुआ, जिन्होंने थाना आदर्शमंडी, शामली में तहरीर दी थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने शामली में जमीन दिलाने के नाम पर उनसे करीब 20 लाख रुपये ले लिए और बाद में संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड निखिल पुत्र —, निवासी भिक्का माजरा, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी रेलपार क्षेत्र, शामली है। निखिल अपने साथियों के साथ फर्जी खसरा-खतौनी, नकली रजिस्ट्री और जमीन के फोटो तैयार करता था। गिरोह का एक सदस्य जमीन मालिक बनता था, जबकि दूसरा खरीदार बनकर सौदे का नाटक करता था।
जैसे ही पीड़ित पूरी रकम देता, सौदा अचानक निरस्त कर दिया जाता और आरोपी पैसे लेकर फरार हो जाते। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, 2 लग्जरी वाहन, कई मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में जाली दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group