मुजफ्फरनगर(आकाश तायल)। जनपद के खतौली क्षेत्र स्थित जानसठ फ्लाईओवर पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया।
घायल युवक की पहचान प्रवीण (28) पुत्र मांगेराम निवासी खुदबख्शपुर माजरा, थाना बढ़गांव के रूप में हुई है। उसे तत्काल विश्वकर्मा एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खतौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने घायल के परिजनों को सूचना दे दी है और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, कार चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की सलाह दी है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group