खतौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बिना पूर्व सूचना पहुंचकर निरीक्षण किया। अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न सेक्शनों की स्थिति, व्यवस्थाओं और मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायज़ा लिया।
उन्होंने वार्ड, लैब, लेबर रूम, ट्रॉमा यूनिट, एचआईवी परामर्श केंद्र और फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच कर मौजूद कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई को लेकर उन्होंने विशेष नाराजगी जताई और शौचालयों व लेबर रूम की दैनिक सफाई अनिवार्य करने को कहा।
डॉ. तेवतिया ने मौजूद चिकित्सकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मरीजों को समय पर उपचार मिले और किसी को भी अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से प्रतिक्रिया भी ली और बताया कि जनता की शिकायतों पर सुधारात्मक कदम तुरंत लागू किए जाएंगे।
सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

